(भोपाल) चुनाव नतीजों को लेकर कर्मचारियों में भारी उत्साह

पूरे दिन कार्यालयों में रहा सन्नाटा, चाय-नाश्ता की दुकानों पर रही भीड
भोपाल (ईएमएस)। प्रदेश भर के कर्मचारियों में मंगलवार के दिन विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर जबर्दस्त उत्साह नजर आया। पूरे दिन कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा और कर्मचारी चाय-नाश्ते की दुकान पर अपने जोड घटाने में व्यस्त नजर आए। मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन में काम करने वाले कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ज्यादातर कर्मचारी दफ्तरों के बाहर समूह में चर्चा करते दिखे। भोजन अवकाश के समय कर्मचारियों की नजर मोबाइल और अखबारों पर टिकी रही। कर्मचारी समूह में नतीजों के लाइव प्रसारण देखते मिले। वहीं कई कर्मचारी अखबारों में चुनाव नतीजों को खोजते देखे गए। स्थिति यह थी कि भोजन अवकाश खत्म होने के बावजूद ज्यादातर कर्मचारी दफ्तरों के बाहर चुनावी चर्चा करते दिखाई दिए। इसके कारण दफ्तरों में सन्नाटा छाया रहा। सामान्य दिनों की तुलना में कम काम हुआ। हार-जीत से क्या फर्क पड़ता है। कोई हारे-कोई जीते, फाइलें तो रोज उतनी ही निपटानी हैं। आप तो काजू खाओ यार। इस तरह की चर्चा मंगलवार दोपहर 2.28 बजे मंत्रालय के सामने कुछ कर्मचारी करते दिखे। ये कर्मचारी ड्रायफूड की दुकान पर खड़े थे। इन्होंने ड्रायफूड खरीदे और चुनावी चर्चा के साथ आनंद लिया।
कर्मचारी भोजन अवकाश के समय जैसे ही दफ्तरों से बाहर निकले। सबसे पहले अखबार लिया। ये दोपहर में आने वाले अखबार थे। इन अखबारों में कर्मचारी अपने पसंद के प्रत्याशियों की हार-जीत को खोजते रहे। मंगलवार दोपहर 2.05 बजे मंत्रालय के सामने यही नजारा देखने को मिला। मंत्रालय, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन के सामने कर्मचारी कतार में बैठे नजर आए। इनमें से ज्यादातर कर्मचारी मोबाइल पर नतीजों का लाइव प्रचारण देखने में व्यस्त दिखे। ये कर्मचारी रोज की तुलना में एक-दूसरे साथियों से बातें कम और नतीजों का प्रचारण देखने में ज्यादा उत्साहित दिखे। दफ्तरों के सामने मंगलवार दोपहर 2 बजे ऐसा ही नजारा दिखने को मिला। सतपुड़ा भवन में दोपहर बाद सन्नाटा रहा। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (समन्वय) के दफ्तर में दोपहर 2.40 बजे कुर्सियां खाली दिखीं। यही हाल विंध्याचल और मंत्रालय में लगने वाले कई विभागों में रहा। सतपुड़ा भवन में लगने वाले रेशम विभाग के दफ्तर में भी दोपहर 2.46 बजे ज्यादातर कुर्सियां खाली दिखी।कर्मचारी आपसी चर्चा में यह कहते रहे कि सुबह से टीवी पर तो भाजपा-कांग्रेस हारती-जीतती आ रही है। इन नतीजों से दिमाग खराब हो गया है। आप तो नींबू वाली चाय पिलाओ। चाय की चुस्की के साथ विंध्याचल भवन के सामने मंगलवार दोपहर 2.29 बजे कुछ कर्मचारी इस तरह की चर्चा करते दिखे।
सुदामा/12दिसंबर2018